
गणेश चतुर्थी के अवसर पर विश्व चैंपियन भारतीय पॉवर लिफ्टर महंत गौरव शर्मा मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग का राजा के दर्शन करने पहुंचे। वह लाल बाग के राजा के दरबार में माथा टेकने हाजिर हुए। पॉवर लिफ्टर महंत गौरव शर्मा ने बप्पा से यह कामना की कि देश के सभी खिलाड़ी हर तरह के खेल क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी इत्यादि में अपना सर्वश्रेष्ठ दें और पूरी दुनिया मे भारत का झंडा बुलंद करें। हर प्रकार के खेल में खिलाड़ी अपने देश भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल करें, उन्होंने यही प्रार्थना की।

बता दें कि वैसे तो गणेश उत्सव समस्त भारतवर्ष में बहुत धूम-धाम से मनाया जाता है, लेकिन महाराष्ट्र में इसकी रौनक विशेष ही नजर आती है। मुंबई में कई बड़े पंडाल सजाए जाते हैं जहां लाखों भक्त रोज दर्शन करने जाते हैं। लालबाग का राजा मुंबई का सबसे अधिक लोकप्रिय सार्वजनिक गणेश मंडल माना जाता है। यहां आम आदमी से लेकर सेलेब्रिटी भी बाप्पा के दर्शन के लिए आते हैं। महंत गौरव शर्मा भी यहां शीश झुकाने आए।
ऐसा माना जाता है कि लाल बाग के राजा से जो भी मनोकामना मांगी जाती है, वो अवश्य पूरी होती है। यही वजह है कि गणेश उत्सव के दौरान भक्त यहां घंटों तक दर्शन के लिए लंबी लाइन में लगे रहे हैं।
पॉवर लिफ्टर महंत गौरव शर्मा ने कहा कि लाल बाग के राजा का दर्शन करना, उनका आशीर्वाद लेना एक अद्भुत अनुभव होता है। वह वास्तव में कष्टों को दूर करने वाले हैं, बप्पा का आशीर्वाद जीवन मे शांति सफलता और विकास लाता है।

उल्लेखनीय है कि महंत गौरव शर्मा ने इंग्लैंड में 2016 विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल जीते थे। भारोत्तोलक के तौर पर अपनी पारी शुरु करने वाले गौरव शर्मा ने बाद में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच भूपेंद्र धवन के गाइडेंस में पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में गए।